Maharajganj News : सड़क है या गंदगी और गड्ढों का जाल ! क्या यही है स्मार्ट शहर की तस्वीर?
17-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के गांधीनगर वार्ड नंबर-16 के निवासी जर्जर सड़कों और बदहाल सफाई व्यवस्था से परेशान लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वार्ड की कई सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत और सफाई व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। नालियों की नियमित सफाई न होने से उनमे गंदगी का अम्बार लगा हुआ है, जबकि कई स्थानों पर लगे कूड़े के ढेर लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। इससे दुर्गन्ध तो फ़ैल ही रही है साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
बारिश के मौसम में तो हालात और ज़्यादा गंभीर हो जाते हैं। जलभराव के चलते सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। जिससे लोगों को अपने घरों से निकलने में भी परेशानी होती है।
वार्ड निवासी विकास, अमरेंद्र और अंकित सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की है। इस संबंध में वार्ड सभासद आलोक गुप्ता ने बताया कि उन्होंने समस्या से संबंधित अधिकारियों और सदर विधायक को अवगत करा दिया है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।
वहीँ वार्ड सभासद आलोक गुप्ता ने आश्वासन दिया कि विधायक के प्रयासों से जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।