Maharajganj News : FIR दर्ज, लेकिन कार्रवाई पर सवाल! पड़ोसी विवाद में घायल युवक ने उठाई न्याय की मांग

    17-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी बढ़ेपुरवा में एक महिला और उसके पति पर पड़ोसी द्वारा घर के पास गाली गलौज और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में महिला ने कोठीभार थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

गाँव निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति (सुरेश) पर पड़ोस में रहने वाले सुधीर और उसकी बहन करिश्मा ने 12 जून 2026 की शाम करीब छह बजे गाली गलौज करने के बाद विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमे उनके पति सुरेश के सिर में गंभीर चोटे आयी हैं। सुनीता ने 13 जून को इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है और न ही उसे गिरफ्तार किया गया है।

पीड़ित सुरेश से बात करने पर उन्होंने हमे बताया कि वे काम के सिलसिले में बुलंदशहर में रहते हैं और केवल छुट्टियों में घर आते हैं। उन्होंने बताया कि हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है लेकिन हमने अपने छत पर जाने के लिए सीढ़ी बनवा ली जिससे बच्चे छत पर आने जाने लगे, केवल इसी जलन में उनके पड़ोसी सुधीर ने अपनी बहन करिश्मा के साथ मिलकर पहले गाली गलौज किया और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित सुरेश का कहना है कि थाने में प्राथमिकी तो दर्ज कर ली गयी है लेकिन सही आरोपी पर धाराएं न लगाने के कारण कोई ठोस कार्रवाई अब तक नहीं की गयी है।

इस बारे में जब 'आपन महराजगंज' टीम ने कोठीभार थाने में संपर्क किया तो थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला इतना संगीन नहीं है, पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही धाराएं लगायी गयी हैं और उसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अगर आगे जांच में कुछ और बात सामने आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई अवश्य की जाएगी। जबकि पीड़ित सुरेश इस संबंध में न्याय चाहते हैं, उनका कहना है कि इस हमले में उन्हें कुछ भी हो सकता था। जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।