Maharajganj News : बुधवार सुबह नहर किनारे दिखा खौफनाक मंजर, रेगुलेटर पर लटका मिला युवक का शव

    17-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा दिगम्बर गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गाँव के पास स्थित नहर के रेगुलेटर पर 30 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला।

यह खबर पूरे इलाके में फैलते ही सनसनी मच गई। इस सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले अनिल सहानी (30) के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे फोन के जरिए सूचना मिली थी कि एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस सूचना पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि युवक ने गांव के पास ही स्थित नहर के रेगुलेटर पर कपड़े के फंदे के सहारे अपनी जान दे दी थी। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को घेरे में ले लिया।

अनिल सहानी ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य और सबूत इकट्ठा किए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ निचलौल रवींद्र कुमार सिंह भी कोठीभार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

अनिल अपने पीछे अपनी पत्नी बबीता (28), नौ साल के बड़े बेटे आदित्य और सात साल के छोटे बेटे देव को अकेला छोड़ गया है। इस दुखद घटना से मासूम बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।