Maharajganj News : महराजगंज पुलिस का टेक्नोलॉजी वाला कमाल, 105 मोबाइल बरामद कर सबको चौंकाया

    18-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने आधुनिक तकनीक और प्रभावी सर्विलांस के डैम पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 105 खोये हुए मोबाइल फोन बरामद किये हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों के चेहरे पर ख़ुशी लौट आयी।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सीईआईआर पोर्टल, आईएमईआई नंबर ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन खोजे गए।

पुलिस के अनुसार, बरामद किये गए मोबाइल फ़ोन उन लोगों के थे जिन्होंने अपने मोबाइल गम होने या चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सर्विलांस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के जरिए मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सभी मोबाइल मालिकों को बुलाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। अपने खोये मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने महराजगंज पुलिस टीम और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी का धन्यवाद किया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के जरिए नागरिकों की संपत्ति को सुरक्षित रखने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों में महराजगंज पुलिस कुल 307 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है।

इस अभियान में सर्विलांस सेल के कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सुशील सिंह, शिवानंद पासवान, मोहम्मद कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पांडेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता, नीरज कुमार गोंड सहित सीईआईआर टीम के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।