Maharajganj News : हाईवे निर्माण ने बढ़ाई लोगों की परेशानी, अब पेयजल संकट पर प्रशासन की बड़ी बैठक
19-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। नेशनल हाईवे-730 के चौड़ीकरण कार्य से निचलौल नगर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइनों की मरम्मत और जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन शिवनाथ मद्धेशिया ने किया। बैठक में नगरवासियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था को समन्वय के साथ शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित पेयजल व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने और नगरवासियों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत तथा नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि किसी क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित होती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों के दौरान जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद सड़क निर्माण कार्यदायी संस्था एटलस के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी विभागों के समन्वय से कार्य करते हुए पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। निर्माण कार्य के दौरान उत्पन्न पाइपलाइन संबंधी समस्याओं का भी त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता अनूप सिंह, अवर अभियंता इसहाक अंसारी, एटलस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अजीत सिंह, डीपीएम शिवेंद्र यादव, पाइपलाइन इंचार्ज अमन कुमार, वरिष्ठ लिपिक मोहन लाल, टैक्स बाबू अवधेश कुमार मौजूद रहे।