Maharajganj Politics : महराजगंज पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले- 12 साल में मोदी सरकार ने बदली देश की तस्वीर

    19-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी अपने गृह जनपद महराजगंज में कृषि विभाग द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविर एवं प्राकृतिक खेती प्रदर्शनी में सम्मिलित हुए। पंकज चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार ने 12 सालों में देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी सरकार ने हर वर्ग के लोगों के हितों की चिंता नहीं की लेकिन मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू कीं।

जिला मुख्यालय पर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समेकित जनकल्याण जागरूकता अभियान, पीएम स्वनिधि योजना एवं कृषि विभाग के कार्यक्रमों का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि देश विकास कर रहा है और पूरे विश्व में देश की पहचान बढ़ी है। महिलाओं को सम्मानजनक जीवन, गरीबों को आवास, किसानों को आर्थिक सहायता और युवाओं को नए विकास के अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं।




उन्होंने किसान सम्मान निधि, आवास शौचालय ,सड़क, एयरपोर्ट, कृषि पर भी चगार्चा की। किसानों का आह्वान किया कि वे पारंपरिक खेती छोड़ कामर्शियल खेती करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वनिधि योजना के तहत गरीबों को आवास, शौचालय जैसी सुविधाओं से आच्छादित करने का कार्य किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया भी शुरू की गई। बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और अन्य लोगों के साथ के साथ स्टॉलों का निरीक्षण किया। लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाये। इसमें लापरवाही बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आमजन से भी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।