Maharajganj News : लोन पास कराने के नाम पर मांग रहे थे घूस, ट्रैप टीम ने किया गिरफ्तार

    02-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
एंटी करप्शन गोरखपुर की एंटी करप्शन ट्रैप टीम ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के दो कर्मचारियों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ़्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के पिता के ऋण की दूसरी किस्त बैंक से जारी कराने के बदले बैंक कर्मचारियों के द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।

मंगलवार को दोपहर 12:45 बजे ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए हरिराम प्रसाद, सममति सहायक फील्ड ऑफिसर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, महराजगंज तथा जय ओम, सममति डीड राइटर/चपरासी (अवैतनिक), शाखा महराजगंज को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी की कार्रवाई नगर पंचायत चौक स्थित ठेकी चौराहा के पास एक दुकान से की गई। ट्रैप टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में थाना कोतवाली चौक में मुकदमा दर्ज कराने एवं अन्य विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

एंटी करप्शन विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।