Maharajganj News : शादी को हुए थे बस 45 दिन और पति ये शिकायत लेकर पहुंचा थाने

    02-Jun-2026
Total Views |

नौतनवा। स्थानीय कस्बे के एक वार्ड से एक नवविवाहिता के शादी के करीब डेढ़ माह बाद कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है वह घर में रखे लाखों रुपये के गहने और नकदी भी साथ लेकर गयी है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

पीड़ित पति का कहना है कि उसकी शादी गांव निवासी युवती के साथ बीते 15 अप्रैल को हुई थी। बाद में पता चला कि शादी के पहले से ही पत्नी का उसके गांव के गैर समुदाय के युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह मोबाइल पर अक्सर बातचीत भी कर रही थी।

इसी बीच रविवार की रात करीब साढ़े 11 बजे विवाहिता शौच के बहाने घर से निकली और एक कार में बैठकर प्रेमी के साथ कहीं फरार हो गई। आरोप है कि जब उन्होंने कमरे में आकर तलाशी ली तो करीब साढ़े तीन लाख रुपयों के सोने व चांदी के विभिन्न जेवरात एवं 60 हजार रुपये नकदी भी अपनी जगह से गायब मिले।

घटना के बाद महिला के पति ने थाने में तहरीर देकर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी पर घर से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।