Maharajganj News : सोनाबंदी चौराहा बना दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट, ग्रामीणों ने गोल चक्कर निर्माण की उठाई मांग
02-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र का सोनाबंदी चौराहा इन दिनों सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चर्चा में है। फरेन्दा-सिद्धार्थनगर मार्ग और बृजमनगंज-सोनौली हाईवे को जोड़ने वाला यह व्यस्त चौराहा यातायात के बढ़ते दबाव के कारण हादसों का केंद्र बनता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर दिनभर भारी वाहनों का आवागमन रहता है। तेज रफ्तार ट्रक, बस और अन्य बड़े वाहन अक्सर बिना गति नियंत्रित किए गुजरते हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालक, साइकिल सवार और स्कूली छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन यहां छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे पर यातायात नियंत्रण के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उनका मानना है कि यदि यहां गोल चक्कर का निर्माण कराया जाए तो वाहनों की रफ्तार स्वतः नियंत्रित होगी और सड़क पार करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। इससे दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो सकती है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सोनाबंदी चौराहे पर शीघ्र गोल चक्कर का निर्माण कराया जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह मांग लंबे समय से उठाई जा रही है और अब क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए इस पर गंभीरता से निर्णय लिया जाना बेहद जरूरी हो गया है।