Maharajganj News : प्रसूता मौत मामले में नया मोड़, अब हर एंगल से होगी जांच
02-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। सोनौली में एक निजी अस्पताल में प्रसूता की ऑपरेशन के बाद मौत के मामले में अब स्वस्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। इसके लिए सीएमओ ने समिति गठित की है। तीन सदस्यीय कमेटी की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, सोनौली कस्बे के न्यू एसएसबी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में 22 मई को प्रसव के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की ऑपरेशन के कुछ देर बाद ही हालत बिगड़ गई थी।
परिजन का आरोप था कि जब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कारण पूछा तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद गंभीर हालत में महिला को केएमसी महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन में लापरवाही की आशंका जताई।
इसके बाद परिजन उसे लखनऊ लेकर चले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी शनिवार को मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पर पहुंचकर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने गंभीर लापरवाही और कथित तौर पर झोलाछाप से ऑपरेशन कराने का आरोप लगाया था।
जानकारी मिलने पर रविवार को सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद ने सोनौली पहुंचकर मामले की जांच की थी। उन्होंने बताया कि अस्पताल का रजिस्ट्रेशन है।
मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक परिजनों ने इस मामले में स्वास्थ्य विभाग से कोई शिकायत नहीं की है। स्थानीय ग्रामीणों में चर्चा है कि अस्पताल संचालक और पीड़ित परिवार के बीच मामले में समझौता हो चुका है।