Maharajganj News : आखिर घर में क्यों रखा था 950 लीटर डीजल? अब सप्लाई विभाग खंगालेगा पूरा मामला
20-Jun-2026
Total Views |
ठूठीबारी। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव में एक घर से आठ ड्रम में रखा 950 लीटर डीजल बरामद होने के मामले ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। निचलौल तहसील प्रशासन की मौजूदगी में की गयी कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले की जांच सप्लाई इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 जून की शाम निचलौल तहसील प्रशासन को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के एक घर में भारी मात्रा में ड्रम में डीजल रखा गया है। सूचना मिलते ही निचलौल नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल, कानूनगो मनीष पटेल और लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच किया तो एक घर में ड्रम में भरा डीजल बरामद हुआ।
दुकानदार ने डीलर लाइसेंस से संबंधित कागजात अधिकारियों को दिखाया। इस दौरान पता चला कि दुकान किसी और के नाम से है और संचालन कहीं और हो रहा है। इस पर प्रशासन ने दुकानदार को डीजल न बेचने की हिदायत दी।
प्रशासन ने मामले की जांच सप्लाई इंस्पेक्टर को सौंप दी है। इस संबंध में निचलौल सप्लाई इंस्पेक्टर इंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब सबकी नजर इस मामले की जांच रिपोर्ट पर टिकी है।