Maharajganj News : गोसदन में दो गौवंशों की मौत, प्रशासन को संभालनी पड़ी स्थिति
21-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के मिठौरा ब्लॉक स्थित मदनपुरा गोसदन में शनिवार को दो गौवंशों की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल कार्यकर्ता वहां पहुँच गए और जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने गोसदन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही तहसीलदार अमित कुमार सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मृत पशुओं को हटाने के लिए पहुंची जेसीबी का भी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। प्रशासन की मौजूदगी में मृत पशुओं को वाहन पर लादकर बाहर भेजा गया। पशु चिकित्सक डॉ. एस.एन. भट्ट ने दो गौवंशों की मौत की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य पशु का उपचार चल रहा है। गोसदन के पशुओं को दूसरी गौशाला में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी है। मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।