Maharajganj News : सोशल मीडिया पर तस्वीरें और आपत्तिजनक पोस्ट, पत्नी ने पति पर लगाया गंभीर आरोप

    22-Jun-2026
Total Views |

परतावल
। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर फेसबुक के माध्यम से उसकी तस्वीरें प्रसारित कर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसका अपने पति तथा ससुराल पक्ष के अन्य लोगों से विवाद चल रहा है। विवाद के चलते वह वर्तमान में अपने मायके पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रह रही है। आरोप है कि विवाद के बाद से उसका पति सत्येन्द्र लगातार फेसबुक पर उसकी तस्वीरें वायरल करके उस पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कर उसकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है।


महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर तस्वीरें और टिप्पणियां प्रसारित होने से उसे मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है तथा उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है। उसने बताया कि बीते 6 जून को भी उसकी तस्वीर फेसबुक पर प्रसारित कर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।