Maharajganj News : "मेरे से कुछ नहीं हो सकता भैया जी..."—NEET अभ्यर्थी का आखिरी संदेश बना रहस्य
23-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक 19 वर्षीय होनहार छात्रा चंचल भारती ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। नीट (NEET) री-एग्जाम देने के बाद से ही मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही इस छात्रा का शव घर के अंदर मिला। कमरे से मिले नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र पर लिखा है, मेरे से कुछ नहीं हो सकता मेरे भैया जी...। कमरे से मिले प्रश्नपत्र पर लिखे एक भावुक संदेश ने घटना को और भी मार्मिक बना दिया है। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चंचल भारती सोमवार को गोरखपुर में आयोजित नीट परीक्षा देकर घर लौटी थी। परिवार के लोगों ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब एक बजे खाना खाने के बाद चंचल परीक्षा के प्रश्न पत्र में अपने उत्तरों का मिलान कर रही थी।इसी दौरान उसने परिजनों से कहा कि उसका पेपर अच्छा नहीं हुआ है।
परिवार के सदस्यों ने उसे समझाते हुए कहा कि अभी रिजल्ट आना बाकी है, इसलिए परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। कुछ देर बाद घर के अन्य सदस्य खेत में काम करने चले गए। इसी बीच जब परिवार का एक सदस्य किसी काम से कमरे में पहुंचा तो चंचल पंखे से लटकी मिली। परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।
कमरे से मिले नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र पर चंचल की हैंडराइटिंग में लिखा है, मेरे से कुछ नहीं हो सकता मेरे भैया जी। पुलिस इस संदेश को भी जांच का हिस्सा मानकर मामले की पड़ताल कर रही है।
चंचल के पिता अमरजीत भारती खेती-बाड़ी और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उसकी माता का नाम गीता देवी है। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। सबसे बड़ी बहन रिंकला भारती की शादी हो चुकी है। बड़े भाई अभिनव चिकित्सक हैं, जबकि दूसरे भाई रवि प्रताप निजी पैथोलॉजी में कार्यरत हैं। चंचल माता-पिता की सबसे छोटी संतान थी।
घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।