Maharajganj News : नशे में भूल गया मौत का डर, हाईटेंशन पोल पर चढ़कर किया इतना हंगामा
24-Jun-2026
Total Views |
भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव में मंगलवार शाम उस समय अफरातफरी मच गयी, जब शराब के नशे में एक व्यक्ति 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ने के बाद वह तार के पास लटक गया, जिसे देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि उस समय विद्युत आपूर्ति बाधित थी। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तत्काल विद्युत उपकेंद्र भिटौली को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
बताया जाता है कि काफी देर तक समझाने-बुझाने और मशक्कत के बाद व्यक्ति पोल से नीचे उतरने को तैयार हुआ। सुरक्षित नीचे उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पोल पर चढ़ा व्यक्ति दीन दयाल शराब के नशे में था। उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा गया और बाद में उसके परिजनों के सुपुर्द कर घर भेज दिया गया।