Maharajganj News : सालों का साथ यूं हुआ खत्म, पत्नी के जाने के कुछ ही देर बाद चली गई पति की जान

    24-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज।
निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम खरचौली में एक मार्मिक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। यहां की एक बुजुर्ग महिला की आकस्मिक मौत का सदमा उसका पति बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसके थोड़ी ही देर में बुजुर्ग की भी मौत हो गई। बुजुर्ग दंपत्ति की एक ही दिन हुई मौत से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। ग्रामीणों ने दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार नारायणी नदी के पथलहवा घाट पर कर दिया।

ग्राम खरचौली निवासी रक्षा शर्मा (70) की पत्नी सोमवार की सुबह घर में हैंडपंप पर हाथ मुंह धोने गई। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और सिर के बल गिर गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद रक्षा शर्मा और उनके बड़े बेटे सुभाष द्वारा ग्रामीणों के सहयोग से अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की गई। इसी बीच पत्नी की मौत का सदमा उसके पति बर्दाश्त नहीं कर पाए और थोड़ी देर में उनकी भी मौत हो गई।


परिजनों के अनुसार उन्हें कोई बीमारी नहीं थी। उनका छोटा बेटा कहीं बाहर रहकर काम करता है। ऐसे में बड़े बेटे ने ग्रामीणों के सहयोग से व्यवस्था करते हुए नारायणी नदी के पथलहवा घाट पर अपने माता पिता का एक साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया। इससे जहां ग्रामीण शोक संतप्त हैं वहीं यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

एक ही दिन पति-पत्नी की मौत की इस घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया। गांव में लोग इसे जीवनभर के अटूट साथ और गहरे प्रेम की मिसाल के रूप में याद कर रहे हैं।