Maharajganj News : ध्वनि सीमा पार हुई तो होगी कार्रवाई, कोल्हुई थाने में हुई अहम बैठक
24-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। आगामी धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोल्हुई थाना परिसर में क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शासन द्वारा जारी आदेशों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों एवं जुलूसों के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जाए। साथ ही उच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा।
बैठक के दौरान डीजे संचालकों को नोटिस तामील कराते हुए नियमों से अवगत कराया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई संचालक आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी संचालकों से शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में मौजूद संचालकों ने भी निर्धारित नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।