Maharajganj News : लखनऊ अग्निकांड के बाद महराजगंज में प्रशासन सख्त, तीन कोचिंग सेंटर सील, 15 संस्थानों को नोटिस
25-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। लखनऊ में एक भवन में आग लगने से 15 लोगों की मौत की घटना के बाद जनपद प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बुधवार को जिले की सभी तहसीलों में एसडीएम के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और शिक्षण संस्थानों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पंजीकरण, फायर सेफ्टी, जल निकासी, शुद्ध पेयजल, शौचालय और छात्रों के बैठने की व्यवस्था समेत विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
इस अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 32 संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तीन संस्थानों को सील कर 15 को नोटिस जारी किया गया। नोटिस जारी कर संबंधित संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
फरेंदा एसडीएम शैलेंद्र गौतम की अगुवाई में जांच के दौरान कृष्णा लाइब्रेरी को सील करा दिया गया। इसके अलावा दो लाइब्रेरी संचालकों को नोटिस दिया गया। निचलौल में एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता के नेतृत्व में अभियान चला कर तीन कोचिंग संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। सभी संस्थानों के पंजीकरण प्रपत्र के साथ, फायर सेफ्टी, जल निकासी, बच्चों के बैठने का इंतजाम व अन्य जरूरी दस्तावेज जांचे गए।
दुर्गा मंदिर फरेंदा के ठीक सामने महराजगंज रोड पर संचालित कृष्णा कोचिंग सेंटर पर पर्याप्त इंतजाम और पंजीकरण एवं फायर सेफ्टी प्रपत्र न होने के कारण पुलिस टीम की मदद से सील करा दिया गया। वहीं दो संचालकों को गड़बड़ी मिलने पर नोटिस जारी किया गया है। अधिकतर स्थानों पर इंतजाम पूरे पाए गए।