Maharajganj News : 39°C तापमान, लेकिन महसूस हुई 44°C की गर्मी! तराई में उमस ने बढ़ाई मुश्किलें
25-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। तराई क्षेत्र में भीषण गर्मी और बढ़ती उमस ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा में मौजूद अधिक नमी के कारण लोगों को गर्मी करीब 44 डिग्री सेल्सियस जैसी महसूस हुई।
सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे रहे। दोपहर के समय गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई, जिससे सड़कों व बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखाई दी। जरूरी कार्यों से घरों से निकले लोग पसीने से लथपथ नजर आए।
राहगीर छांव की तलाश करते दिखे, जबकि कई लोग ठंडे पेय पदार्थों व शीतल स्थानों का सहारा लेते रहे। पिछले कई दिनों से जिले में धूप व बादलों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद मौसम में राहत नहीं मिल रही है। वातावरण में नमी बढ़ने से उमस लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों व खुले में काम करने वाले मजदूरों को हो रही है।
रात में भी हालात सामान्य नहीं हैं। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। पंखे व कूलर चलने के बावजूद उमस बनी रहने से लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल जिले में गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।