Maharajganj News : मोबाइल पर क्या हुई आखिरी बात? किशोर की मौत में प्रेमिका समेत तीन पर केस
27-Jun-2026
Total Views |
भिटौली। भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में किशोर की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली। प्रेमिका और उसके माता-पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि युवती और उसके परिजनों के उकसावे से परेशान होकर किशोर ने आत्मघाती कदम उठाया था।
पुलिस को दी गई तहरीर में भैंसा गांव निवासिनी सरोज देवी ने बताया कि उनके पुत्र राजकुमार की गांव की ही एक युवती से लंबे समय से मोबाइल पर बातचीत होती थी। आरोप है कि युवती पहले एक बार उनके घर भी आ गई थी, जिसकी शिकायत उसके माता-पिता से की गई फिर भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही। तहरीर के अनुसार बीते 21 जून को सरोज देवी और परिवार के अन्य सदस्य इलाज के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे।
इस दौरान राजकुमार घर पर अकेला था और मोबाइल पर युवती से बात कर रहा था। आरोप है कि युवती तथा उसके परिजनों के उकसावे और दबाव से तंग आकर उसने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। दोपहर में राजकुमार का शव घर में फंदे से लटका मिला था। परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भिटौली पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर के आधार पर प्रेमिका और उसके माता-पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।