Maharajganj News : मुहर्रम मेले से लौट रहे थे लोग, तभी तेज रफ्तार बाइक ने मचा दी चीख-पुकार

    27-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज
। निचलौल थाना क्षेत्र के धमउर ग्रामसभा स्थित मटरा टोला में शुक्रवार देर शाम मुहर्रम का मेला देखकर लौट रहे ग्रामीणों पर तेज रफ्तार बाइक कहर बनकर टूटी। अनियंत्रित बाइक की टक्कर से छह लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य का निचलौल सीएचसी में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मटरा टोला निवासी योगेंद्र (50) पुत्र शिवबहादुर, सत्यम (15) पुत्र संतोष, पुतरी (50) पत्नी परसन, मंजीत (26) पुत्र छबीलाल, अर्चना (6) पुत्री योगेंद्र सहित अन्य लोग गांव के पास लगे मुहर्रम का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार ने संतुलन खो दिया और सभी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद योगेंद्र, सत्यम और मंजीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।

थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों का इलाज करवाया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।