Maharajganj News : तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, तीन लोग घायल
28-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सोनाबंदी-लोटन मार्ग पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोनाबंदी से करीब 100 मीटर आगे लोटन रोड की ओर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजवाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
सूचना पर पहुंची बृजमनगंज पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को अपने कब्जे में लेकर थाने पर जमा करा दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
ग्रामीणों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे उन्हें शीघ्र उपचार मिल सका। घायलों की पहचान और उनकी स्थिति की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।