Maharajganj News : फ्लिपकार्ट कार्यालय से 5 लाख गायब! कैशियर पर दर्ज हुआ गबन का मुकदमा

    03-Jun-2026
Total Views |

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पुराना परतावल स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में लाखों रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने कैशियर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के भगौरा निवासी देवेश सिंह पुराना परतावल स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया है कि कार्यालय में कैशियर के पद पर कार्यरत नवनित यादव उर्फ चंचल ने 5 मई से 8 मई 2026 के बीच ग्राहकों और डिलीवरी से प्राप्त कुल 5 लाख 13 हजार रुपये की नकदी कंपनी के खाते में जमा नहीं की।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत धनराशि बैंक खाते में जमा की जानी थी, लेकिन संबंधित कर्मचारी ने ऐसा नहीं किया। प्रबंधन ने जब हिसाब-किताब का मिलान किया गया तो नकद जमा न होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद आरोपी कर्मचारी से कई बार संपर्क कर धनराशि जमा करने और स्पष्टीकरण देने को कहा गया, लेकिन उसने न तो पैसा जमा किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया।


मामला सामने आने के बाद कंपनी प्रबंधन ने पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच की। जांच में धनराशि जमा न होने की पुष्टि होने पर मैनेजर ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी नवनित यादव उर्फ चंचल पुत्र बेलास यादव निवासी लखिमा, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज के विरुद्ध गबन सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अजय कुमार को सौंपी गई है। जांच के दौरान कार्यालय के अभिलेखों, लेनदेन के दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी। यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।