Maharajganj News : राज्यपाल ने किया सम्मानित, आनंद नगर की दो छात्राओं ने रचा इतिहास
30-Jun-2026
Total Views |
आनंदनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर) के 10वें दीक्षांत समारोह में परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंद नगर की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।
महाविद्यालय की बी.एड. छात्रा सौम्या ने संपूर्ण सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एवं बी.एड. विभाग में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर एक साथ तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। उन्हें यह सम्मान उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदान किया गया। सौम्या को विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने, बी.एड. में सर्वाधिक अंक अर्जित करने पर राजा रतन सिंह स्मृति स्वर्ण पदक तथा प्रोफेसर सुमित्रा सिंह स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
वहीं महाविद्यालय की दूसरी छात्रा कुमारी अर्चिता मिश्रा ने कला संकाय के स्नातकोत्तर इतिहास विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्हें इतिहास विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने तथा डॉ. रामनरेश चौधरी स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं ने मिलकर कुल पाँच स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रबंधक एवं पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने दोनों छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने भी दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी सफलता को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष यशवंत सिंह, सत्य प्रकाश मौर्य, मुरलीधर जायसवाल, संजय विश्वकर्मा, कमलेश प्रजापति, डॉ. सतीश कुमार सहित महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।