Maharajganj News : बाढ़ से पहले एक्शन मोड में प्रशासन, रोहिन तटबंधों का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम

    04-Jun-2026
Total Views |

लक्ष्मीपुर। मानसून और संभावित बाढ़ के मद्देनजर डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने रोहिन नदी के तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थलों पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रोहिन नदी के जीरो पॉइंट से लगभग 4.9 किलोमीटर तक तटबंधों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बीरबल टोला, अमहवा बाजार तथा आराजी सुबाइन क्षेत्र तक पहुंचकर तटबंधों की मजबूती, कटानरोधी कार्यों तथा बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने नदी के किनारे स्थित संवेदनशील स्थलों की स्थिति की जानकारी ली और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बाढ़ पूर्व किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

प्रशासन का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित नुकसान को कम से कम करना है।