Maharajganj News : जंगलों में देर रात उतरे डीएफओ, वन माफियाओं की बढ़ी मुश्किलें
04-Jun-2026
Total Views |
मिठौरा। जनपद के वन क्षेत्रों में अवैध कटान, लकड़ी तस्करी और अन्य वन अपराधों की आशंकाओं को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सख्त कर दिया है। इसके तहत रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की तैयारी के साथ ही अवैध कटान, तस्करी और वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग ने विशेष निगरानी अभियान शुरू किया गया है।
लक्ष्मीपुर और दक्षिणी चौक वन रेंज में वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं तथा जंगल से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रख रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी दक्षिणी चौक ऋषभ कुमार नायक का कहना है कि मानसून से पहले का समय वन माफियाओं के लिए सक्रियता बढ़ाने का माना जाता है। इसके मद्देनजर विभागीय टीमें जंगल के भीतर और सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर रही हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल जानकारी मिल सके।
जानकारी के मुताबिक, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे की मंगलवार की देर रात वनकर्मियों के साथ जंगलों का निरीक्षण करने के पीछे यही मंशा रही है। डीएफओ ने वनाधिकारियों से कहा कि वन संपदा केवल सरकारी संसाधन नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण का आधार है, इसलिए इसकी सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है।
वन विभाग का मानना है कि लगातार गश्त और निगरानी से अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी तथा जंगलों और वन संपदा की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।