Maharajganj News : हीटवेव का असर, ओपीडी फुल और आईसीयू ओवरलोड ! डॉक्टरों की सलाह मानें
04-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में पिछले तीन दिन से चल रही भीषण लू और गर्मी का असर लोगों की सेहत पर साफ़ दिख रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई। पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी में मरीजों की भीड़ हो गई। दो बजे तक चली ओपीडी में 1151 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे।
इनमें आधे से अधिक उल्टी-दस्त, बुखार व पेट दर्द से पीड़ित शामिल रहे। बीमारी से गंभीर 15 मरीजों को भर्ती करना पड़ा। सोमवार की रात से ही उमस भरी गर्मी और सुबह होते ही तेज धूप हो रही है और दोपहर में गरम हवा चल रही है। इसके चलते लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
बदले मौसम में बहुत जल्द लोग बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द की चपेट में आ रहे हैं। बुधवार को दो बजे तक चली ओपीडी में 1151 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। इनमें 556 बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित शामिल रहें। प्राथमिक इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर 541 मरीजों को घर भेज दिया गया। लेकिन बीमारी से गंभीर 15 मरीजों को भर्ती करना पड़ा।
जिला अस्पताल में बीमारी से गंभीर बच्चों को त्वरित इलाज देने के लिए 31 बेड का आईसीयू संचालित है। पांच बेड वाले कक्ष को इंसेफेलाइटिस मरीजों के लिए सुरक्षित किया गया है। 26 बेड पर 28 मासूम भर्ती हैं। इनमें सबसे अधिक बुखार और डायरिया से पीड़ित शामिल हैं।
हर दो घंटे में पानी पिएं
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राजीव यादव ने बताया कि लू के चलते फीवर, डायरिया व पेट में इंफेक्शन होने की आशंका अधिक हो गई है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हर दो घंटे पर तरल पदार्थ लेने, घर से निकलने से पहले पानी पीकर निकलने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मच्छरदानी का प्रयोग करें, ताजा भोजन करें और खुले में बिक रही खाने की चीज़ों से परहेज करें।
हीटवेव के मरीजों के लिए अलग वार्ड उसम भरी गर्मी व लू से मरीजों में इजाफा हो गया है। हीटवेव मरीजों को त्वरित इलाज देने के लिए दस बेड का वार्ड सुरक्षित किया गया है। अस्पताल में करीब सभी दवाएं और इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में सुरक्षित किया गया है।