परतावल। विदेश में नौकरी दिलाने और भेजने का झांसा देकर 2.25 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। श्यामदेउरवा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के माफी छपौली गांव निवासी मनउवर अली ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बरवा उर्फ सियरहीभार गांव निवासी नसीबुल्लाह, हसीबुल्लाह, हबीब तथा हजीबुननिशा ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने विदेश में नौकरी दिलाने और भेजने का आश्वासन देकर उससे किस्तों में कुल 2.25 लाख रुपये ले लिए।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि रुपये लेने के बाद काफी समय बीत जाने पर भी उसे विदेश नहीं भेजा गया। जब उसने विदेश भेजने या फिर दी गई धनराशि वापस करने को कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में पैसे के लिए दबाव बढ़ाने पर आरोपियों ने गाली-गलौज के साथ ही मारपीट करके गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि स्थानीय स्तर पर मामला सुलझाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण लेकर धारा 173 बीएनएसएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने का आदेश दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने नसीबुल्लाह, हसीबुल्लाह, हबीब और हजीबुननिशा के विरुद्ध बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
इस सम्बन्ध में एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रकरण की गहन विवेचना की जा रही है।