Pankaj Chaudhary Tree Plantation : 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जनआंदोलन बनाएंगे भाजपा कार्यकर्ता: पंकज चौधरी

    05-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। विश्व पर्यावरण दिवस और केंद्र सरकार के 12 सफल वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित विकास का सन्देश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधरोपण की अपील की।

इस मौके पर एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सरकार के प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गयी।




गोष्ठी को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का दिन है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत में पर्यावरण सुरक्षा और हरित विकास के क्षेत्र में दुनिया के सामने एक मिसाल पेश करने का उल्लेख किया।

पंकज चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जो कार्य शुरू किया, उसी का परिणाम है कि आज भारत सौर ऊर्जा उत्पादन के मामले में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है और दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने की अपील का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता इस अपील का पालन करते हुए एक पेड़ लगाएंगे और उसे सुरक्षित करने का काम करेंगे।

चौधरी ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है, और वह हिंदुस्तान के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने जो काम किया है, उसको लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।