Maharajganj News : तीन दिन से अंधेरे में 20 घर, जला ट्रांसफार्मर अब तक नहीं बदला...गुस्से में ग्रामीण

    07-Jun-2026
Total Views |

परतावल।
विकास खंड की ग्राम सभा मुहम्मदपुर के उत्तर टोला में बिजली विभाग की घोर लापरवाही सामने आयी है। यहाँ 10 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर जलने के तीन दिन बाद भी नहीं बदला जा सका है। इसके चलते करीब 20 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले ट्रांसफाॅर्मर से अचानक तेज आवाज आने के साथ उसमें से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल उठा। लोगों ने तत्काल बिजली निगम को सूचना दी और सुरक्षा की दृष्टि से ट्रांसफाॅर्मर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई।


ग्रामीण अखिलेश, नवीन, जितेंद्र, ध्यानचंद, मनोज सहित अन्य लोगों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर से धुआं निकलने के दौरान ही विभाग को सूचना दे दी गई थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगाया गया। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में अवर अभियंता अनुज कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना प्राप्त हुई है। स्टोर से नया ट्रांसफाॅर्मर मंगाया गया है। मौसम खराब होने के कारण उसे स्थापित नहीं किया जा सका है। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।