Maharajganj News : 3 दिन इधर से न जाएं ! 8 से 10 जून तक कस्बे में भारी वाहनों की नो-एंट्री, जानिए वजह

    08-Jun-2026
Total Views |

महराजगंज। उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के कारण कस्बे में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसके तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाया गया है।

परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं जाम मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत 8 से 10 जून तक प्रतिदिन सुबह 7 से शाम 7 बजे तक कस्बे में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर तथा पकड़ी चौकी को नो-एंट्री एवं डायवर्जन प्वाइंट बनाया गया है। इन स्थानों से भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।


आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों तथा रोडवेज यात्री बसों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभ्यर्थियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।