Maharajganj News : जिले में शुरू हुई बड़ी भर्ती परीक्षा, हजारों अभ्यर्थी किस्मत आजमाने मैदान में
08-Jun-2026
Total Views |
महराजगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2025 सोमवार से जिले में शुरू हो गई है। जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में कुल 34,560 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 5,760 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग पुलिस कार्यालय स्थित एकीकृत कंट्रोल रूम से की जा रही है। कुल 554 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को शांतिपूर्ण तथा नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए तैनात किया गया है।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जबकि जोनल मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों का ई-केवाईसी सत्यापन कराया गया है और हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।
जिले के 13 परीक्षा केंद्रों में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज धनेवा-धनेई, डॉ. भीमराव अंबेडकर पीजी कॉलेज, महामाया आईटी पॉलिटेक्निक, जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए एवं ब्लॉक-बी, गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज, महाराजगंज इंटर कॉलेज, दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज चौक, शिवजपत सिंह जनता इंटर कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघली, डीएवी नारंग इंटर कॉलेज, पंचायत इंटर कॉलेज परतावल तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आनंदनगर शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, निर्धारित नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अनुचित साधनों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।