Maharajganj News : शिकायत निस्तारण में महराजगंज पुलिस का जलवा, जून रैंकिंग में प्रदेश में अव्वल
01-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जनसुनवाई और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के मामले में महराजगंज पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की जून माह की रैंकिंग में महराजगंज पुलिस को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। खास बात यह रही कि जनपद के सभी थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया।
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के आधार पर यह रैंकिंग निर्धारित की जाती है। माह जून के मूल्यांकन में महराजगंज पुलिस द्वारा शिकायतों के निस्तारण में उत्कृष्ट कार्यप्रणाली अपनाते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई, जिसके फलस्वरूप जनपद को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ।
एसपी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद में आईजीआरएस से प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित रूप से समीक्षा की जाती है। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। एसपी ने कहा कि आगे भी जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए इसी तरह कार्य किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।