Maharajganj News : सड़क पर पानी भरने की समस्या का अब होगा समाधान, प्रशासन ने हटाए अतिक्रमण

    10-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी

महराजगंज। सिसवा विकासखंड के ग्रामसभा कुईंया में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। यह अभियान निचलौल तहसीलदार अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण हटाकर नाली निर्माण के लिए रास्ता खाली कराया गया।

काफी समय से सिसवा मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात में सड़क पर पानी जमा हो जाता था। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद प्रशासन ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण का निर्णय लिया।

नाली निर्माण में बाधा बने अतिक्रमण को हटाने के लिए शुक्रवार दोपहर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।

तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर नहीं रहने दिया जाएगा। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। ग्रामीणों का कहना है कि नाली बनने के बाद बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा।