Maharajganj News : सरकारी पोखरी पर चला बुलडोजर, बारिश में धंसी जेसीबी तो रुक गयी कार्रवाई

    10-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। फरेंदा तहसील क्षेत्र के सेमरा महराज गांव में सरकारी पोखरी की भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में की गई। हालांकि, लगातार बारिश और कीचड़ के कारण अभियान बीच में ही रोकना पड़ा और दो मंजिला मकान सहित शेष हिस्से पर कार्रवाई फिलहाल स्थगित कर दी गई।

फरेंदा तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की लेकिन बारिश के चलते जमीन दलदली होने के कारण जेसीबी मशीनें कीचड़ में धंस गईं। इस वजह से दो मंजिला मकान और अन्य बचे हुए हिस्सों पर कार्रवाई रोकनी पड़ी।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर तैनात रहे।

यह मामला गांव के एक शिकायतकर्ता द्वारा सरकारी पोखरी की भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर हाईकोर्ट में दायर याचिका से जुड़ा है। न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। शिकायतकर्ता का कहना है कि हाईकोर्ट से आदेश जारी हुए लगभग तीन माह बीत जाने के बावजूद तहसील प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की।


उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो बारिश के कारण अभियान प्रभावित नहीं होता। उन्होंने प्रशासन से बड़ी मशीनों की मदद लेकर शेष अतिक्रमण जल्द हटाने और नई तिथि तय करने की मांग की है। तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा ने बताया कि ग्राम सभा की लगभग 13 डिसमिल सरकारी पोखरी की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि दो मंजिला मकान के शेष हिस्से को लेकर मकान मालिक को एक सप्ताह के भीतर स्वयं उसे हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि के बाद आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।

इस अभियान के दौरान फरेंदा बीडीओ अतुल कुमार, कानूनगो शमशेर, लेखपाल अविनाश पटेल, दीनदयाल यादव, सूरज, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद सिंह, उपनिरीक्षक राहुल कुमार गुप्ता सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।