Maharajganj News : गए थे इलाज करवाने, वापस आए तो जाना पड़ा पुलिस थाने

    11-Jul-2026
Total Views |

भिटौली।
भिटौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, भिटौली थाना क्षेत्र के विशुनपूरा निवासी शिवकुमार ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है कि घटना से 15 दिन पहले मेरी पत्नी अंजीरा देवी की तबीयत खराब थी। मैं अपनी पत्नी का इलाज कराने गोरखपुर चला गया और वापस तीन जुलाई को लौटा। घर आने के बाद मैंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और जब घर में गया तो देखा कि घर के अंदर रखे बॉक्स का भी ताला तोड़कर उसमें रखे सोने चांदी के कुछ जेवरात चोरी कर लिए गए हैं।


शिकायतकर्ता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर चोरी का इल्जाम लगाया है। चूंकि घटना के बाद गांव के ही चौराहे पर उक्त आरोपी कुछ जेवरात बेचने के लिए गया था। स्वर्णकारों ने संदेह होने पर जेवरात लेने पर मना कर दिया। फिर आरोपी ने उसे कहीं और बेच दिया। स्वर्णकारों के माध्यम से ही आरोपी के बारे में जानकारी मिली है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।