Maharajganj News : सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज पुलिस का जलवा, पूरे यूपी में टॉप-10 में बनाई जगह

    11-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून-2026 रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोरखपुर रेंज में पहला और पूरे उत्तर प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। जनपद को 79.20 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़ी 30 प्रमुख योजनाओं और मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुलिस को ए प्लस रैंकिंग भी मिली है।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड उत्तर प्रदेश शासन की ऐसी निगरानी प्रणाली है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं और प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की रीयल-टाइम समीक्षा की जाती है। इसमें कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावशीलता के आधार पर जिलों का मूल्यांकन किया जाता है।


जनपद पुलिस को यह सफलता शासन की प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई के कारण मिली है। जनसुनवाई, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पीआरवी रिस्पांस टाइम, अग्नि सुरक्षा एनओसी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जिले का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह टीमवर्क, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशील, पारदर्शी और उत्तरदायी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन का विश्वास बनाए रखने तथा शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।