
महराजगंज। राम मंदिर में चंदे की कथित चोरी और प्रतियोगी परीक्षाओं के लगातार पेपर लीक होने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट पहुंचे और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने आरोप लगाया कि राम मंदिर चंदा प्रकरण और युवाओं के भविष्य से जुड़े पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में सरकार जवाबदेही तय करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान कलक्ट्रेट गेट पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली पुलिस की तैनाती रही। बाद में कांग्रेस नेताओं ने डीएम कार्यालय के सामने जनसभा कर राम मंदिर चंदा प्रकरण की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, पूर्व महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद सिंह उर्फ बबलू सिंह, झिनकू चौधरी, जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह, कपिल देव शुक्ला, चंद्रजीत भारती, नूर आलम, रामनिवास चौबे, हल्ला बोल अभियान के गोविंद मिश्रा, अफजल अब्बासी, विराज वीर अभिमन्यु, लाल यादव, रामप्रकट निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।