Maharajganj News : 'शादी में आइए' वाले लिंक पर क्लिक करना पड़ा भारी, बैंक खाता हुआ खाली
15-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। शादी का डिजिटल निमंत्रण भेजकर साइबर ठगों ने पनियरा थाना क्षेत्र के एक युवक को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। युवक ने जैसे ही मोबाइल पर आए शादी के कार्ड के लिंक पर क्लिक किया, उसका फोन हैक हो गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उसके बैंक खाते से 5.52 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम बहरामपुर निवासी रणजीत कुमार का उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सरहरी शाखा में खाता है। खाते से उनका उनका मोबाइल नंबर लिंक है। आरोप है कि छह जुलाई की सुबह करीब चार बजे उनके मोबाइल पर शादी के कार्ड का एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से कुल 5,52,426 रुपये अपने खातों में स्थानांतरित कर लिए।
घटना की जानकारी होने पर रणजीत कुमार ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के माध्यम से उन्होंने कार्रवाई की मांग की। इसके बाद 8 जुलाई को साइबर क्राइम थाना पहुंचकर तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया कि बैंक खातों, ट्रांजेक्शन और मोबाइल डेटा के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शादी के कार्ड, कूरियर, केवाईसी अपडेट या इनाम से जुड़े किसी भी अनजान लिंक पर बिना सत्यापन क्लिक न करें।