Maharajganj News : ई-रिक्शा में कैसे उतरा करंट? दर्दनाक हादसे के बाद उठे कई सवाल
15-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के मैनहवा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में चार्जिंग में लगे ई रिक्शा में उतरे करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मैनहवा गांव निवासी शांति देवी सुबह पशुओं के लिए चारा देने जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति का ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगा हुआ था। आशंका है कि तकनीकी खराबी के कारण ई-रिक्शा में करंट उतर गया था। जैसे ही महिला उसके संपर्क में आईं, वह तेज करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।सूचना पर पहुंची कोल्हुई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ गौरव सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।