Maharajganj News : युवा वैज्ञानिक राहुल की मौत में नया मोड़, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

    16-Jul-2026
Total Views |

लखनऊ/महराजगंज। विभूतिखंड स्थित होटल नोवोटेल में ठहरे युवा वैज्ञानिक और ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। राहुल के भाई ने एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने से मामला और रहस्यमय हो गया है।

जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डॉक्टरों ने राहुल का हार्ट और विसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रोहित का आरोप है कि राहुल को लंबे समय से जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकियां मिल रही थीं। राहुल ने 12 जून को एडीजी गोरखपुर से इसकी शिकायत की थी। एडीजी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए एसपी बस्ती को निर्देश भी दिए थे। रोहित ने विभूतिखंड थाने में तहरीर देकर हत्या की एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।


रोहित के अनुसार, 30 अगस्त 2025 को राहुल का परिचय वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से बस्ती के तिनपेड़िया निवासी चंद्रभूषण मिश्र से हुआ था। आरोप है कि चंद्रभूषण ने राहुल के ड्रोन प्रोजेक्ट में 85 लाख रुपये निवेश करने का आश्वासन दिया। इस दौरान राहुल को करीब 1.80 लाख रुपये का मोबाइल फोन दिया गया और उनके खाते में 61.99 लाख रुपये भी ट्रांसफर किए गए। 27 दिसंबर 2025 को प्रोजेक्ट के प्रस्तुतीकरण के लिए राहुल चंद्रभूषण के नोएडा स्थित एसएसजी फर्निशिंग साल्यूशंस कंपनी पहुंचे। आरोप है कि चंद्रभूषण ने दबाव बनाकर प्रोजेक्ट की जानकारी व्हाट्सएप पर मांगी। राहुल के इन्कार करने पर अभद्रता की गई। दबाव में उन्हें जानकारी साझा करनी पड़ी।

विभूतिखंड थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।