Maharajganj News : डेंगू के खतरे पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट! जिला अस्पताल और सभी सीएचसी में बनेंगे विशेष वार्ड
17-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में बारिश के बाद डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में डेंगू मरीजों के लिए अलग वार्ड सुरक्षित किए जाएंगे, ताकि संक्रमित मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिल सके।
बारिश के बाद मच्छरों की संख्या बढ़ने से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। विशेषकर एडीज मच्छर सक्रिय होने से डेंगू होने की आशंका बढ़ गई है। शासन ने स्वास्थ्य प्रशासन को डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी पर इन मरीजों के लिए वार्ड सुरक्षित करने का आदेश दिया है। शासन के आदेश के बाद स्वास्थ्य प्रशासन हरकत में आ गया है।
सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन और सीएचसी अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारियों को ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों संग तीमारदारों को डेंगू बीमारी से बचने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया है। डेंगू पीड़ितों को भर्ती करने के लिए अलग वार्ड सुरक्षित करने के साथ ही मरीजों की देखभाल करने के लिए अतिरिक्त पैरामेडिकल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया है।
सीएमओ ने जिला अस्पताल में आठ बेड और सीएचसी पर चार-चार बेड का डेंगू वार्ड सुरक्षित करने का निर्देश दिया है। सीएमओ के निर्देश पर अधिकारी हरकत में आ गए हैं। डेंगू वार्ड सुरक्षित करने में जुट गए हैं।
वर्षवार डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा
वर्ष डेंगू पीड़ित मौत
2020 02 00
2021 34 00
2022 45 00
2023 58 00
2024 34 00
2025 65 00
2026 05 00
सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी में डेंगू जागरूकता अभियान चलाने के साथ विशेष वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू की जांच, उपचार और निगरानी प्रतिदिन की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।