Maharajganj News : क्या किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार है? 'खूनी पुलिया' पर आज फिर हुआ हादसा
18-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। निचलौल-पुरैना मुख्य मार्ग पर स्थित चर्चित 'खूनी पुलिया' एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। शनिवार सुबह लखनऊ से आम लेकर निचलौल आ रही एक पिकअप पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया के दोनों ओर सड़क चौड़ी है, लेकिन पुलिया के पास अचानक मार्ग संकरा हो जाने से तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है। ग्रामीणों ने पुलिया का चौड़ीकरण कर नई पुलिया के निर्माण की मांग दोहराई है ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।
वहीं, नहर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नई पुलिया के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।