Maharajganj News : आधुनिक सुविधाओं से लैस यूनिट तैयार, अब सिर्फ डॉक्टर और उपकरणों का इंतजार

    18-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। जिला अस्पताल में 50 बेड की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) को जल्द संचालित करने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। करीब 16.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस तीन मंजिला भवन को सितंबर माह तक मरीजों के लिए शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

लगभग 4,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने इस क्रिटिकल केयर यूनिट में आईसीयू, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन पाइपलाइन समेत गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।


भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद मानव संसाधन और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण इसका संचालन समय पर शुरू नहीं हो सका है। अब अस्पताल प्रशासन इसके संचालन को लेकर सक्रिय हो गया है और शासन स्तर पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के लिए पत्राचार किया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट भवन को जल्द क्रियाशील करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए शासन को मानव संसाधन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र भेजा गया है। भवन को साफ-सफाई कर उपयोग योग्य बनाया जा रहा है।