Maharajganj News : राहुल सिंह की मौत पर सपा का बड़ा हमला, CBI जांच और ₹5 करोड़ मुआवजे की मांग
18-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
सिसवा/महराजगंज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल शनिवार को दिवंगत ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को गंभीर मामला बताते हुए इसकी CBI जांच कराने की मांग की।
सुशील टिबड़ेवाल ने कहा कि राहुल सिंह एक प्रतिभाशाली युवा इनोवेटर थे, जिन्होंने अपने नवाचारों से महराजगंज ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे होनहार युवा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु कई सवाल खड़े करती है और सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच आवश्यक है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि राहुल सिंह के परिवार को ₹5 करोड़ का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान कर उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और उनकी आशंकाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक सरकार परिवार को न्याय दिलाने में सफल नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पूर्व मंत्री ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को पूरी मजबूती से उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर राहुल सिंह प्रकरण में निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, जिला सचिव इम्तियाज़ अहमद, प्रवीण सिंह, प्रमोद शर्मा, एखलाक अहमद एवं अन्य समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।