Maharajganj News : 'जन सहयोग मुहिम' बना जरूरतमंदों का सहारा, एक साल में दर्जनों परिवारों तक पहुंची आर्थिक मदद
19-Jul-2026
Total Views |
फरेंन्दा। जरूरतमंद, गरीब और दैविक आपदाओं से प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 'जन सहयोग मुहिम' लगातार लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनती जा रही है।आरटीआई जागरूकता अभियान के जनक एवं डॉ. आंबेडकर पुस्तकालय महाअभियान के अध्यक्ष भीमसेन गौतम के नेतृत्व में वर्ष 2025 में शुरू किए गए इस मोबाइल ग्रुप के माध्यम से अब तक पांच दर्जन से अधिक जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा चुका है।
इस अभियान से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोग जुड़े हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मानवीय जरूरतों के लिए समय-समय पर 15 हजार रुपये से लेकर 60-70 हजार रुपये तक की सहायता जुटाकर जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाती है। इससे कई लोगों का इलाज संभव हुआ है, बच्चों की पढ़ाई जारी रह सकी है और कई परिवारों को संकट की घड़ी में राहत मिली है।
भीमसेन गौतम ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है जो किसी किसी दैविक आपदा, गंभीर बीमारी या अन्य संकट के समय आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हों और जिनकी सहायता के लिए कोई आगे नहीं आता। ऐसे मामलों की पहचान कर पीड़ित का खाता नंबर एक छोटी सी अपील के साथ ग्रुप में मेरे द्वारा शेयर किया जाता है और ग्रुप से जुड़े लोग सीधे पीड़ित व्यक्ति के खाते में धनराशि प्रेषित कर देते हैं। ऐसे आधुनिक समय में जहां हर व्यक्ति अपने आप तक सीमित है वही भीमसेन गौतम के प्रयास से बहुत सारे लोगों के जीवन में रोशनी की लहर दौड़ रही है।
भीमसेन गौतम का कहना है कि समाज में आज भी सेवा और सहायता कि भावना लोगों में जीवित है। यदि सही व्यक्ति तक मदद की अपील पहुंचे तो लोग खुलकर सहयोग करते हैं। उनका दावा है कि यह अभियान समाज में पारदर्शी और प्रत्यक्ष सहयोग की एक नई मिसाल बन रहा है।