Maharajganj News : बारिश के बाद 'तालाब का दलदल' बना मोहनपुर-कोल्हुआ मार्ग, आवागमन हुआ मुश्किल
19-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के मोहनापुर से कोल्हुआ ढाला को जोड़ने वाले वन विभाग के मार्ग की हालत बारिश के बाद बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ जमा होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी यह सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे रोजमर्रा का आवागमन जोखिम भरा बन गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर गिरते हैं। पैदल चलने वालों को भी कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, गड्ढों को भरवाने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।