Maharajganj News : सिसवा को तहसील का दर्जा देने की मांग तेज, व्यापार मंडल की बैठक में उठी जोरदार आवाज

    19-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी

सिसवा बाजार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की सिसवा इकाई की जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को आयोजित हुई, जिसमें सिसवा बाजार को तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों ने कहा कि सिसवा लंबे समय से व्यापारिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है, लेकिन तहसील का दर्जा न मिलने से क्षेत्र का समुचित विकास प्रभावित हो रहा है।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा ने की। उन्होंने कहा कि 21 नवंबर 1871 से सिसवा को पुरानी मंडी का दर्जा प्राप्त है। इसके बाद नगर पंचायत और फिर नगर पालिका परिषद का दर्जा मिला, लेकिन आज तक तहसील का दर्जा नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि सिसवा व्यापारिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण नगर है, लेकिन तहसील न होने के कारण क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा है और व्यापार भी लगातार कमजोर पड़ता जा रहा है। यदि सिसवा को तहसील बनाया जाता है तो क्षेत्र के विकास के साथ-साथ व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने एक स्वर में सिसवा को तहसील का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया और शासन से इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल, सिसवा बाजार की नई कार्यकारिणी की घोषणा जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल ने की। इसके बाद जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। युवा व्यापार मंडल के जिला महामंत्री भोला जायसवाल ने भी सभी पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया। 

नई कार्यकारिणी इस प्रकार है-

अध्यक्ष -चंदन सोनी
वरिष्ठ उपाध्यक्ष - काली प्रसाद
उपाध्यक्ष -पुष्कर निषाद, सूरज सोनी, मिथिलेश रावत, सचिन देवव्रत, कृष्ण मोदनवाल
महामंत्री -संतोष सोनी
कोषाध्यक्ष - सतेंद्र विश्वकर्मा
मंत्री -संदीप मोदनवाल, राजकुमार, उदित मद्धेशिया, रवि शर्मा
मीडिया प्रभारी- गौरव मद्धेशिया

बैठक में जिले की विभिन्न व्यापार मंडल इकाइयों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।