Maharajganj News : TET परीक्षा ने थाम दी शहर की रफ्तार, NH-730 पर घंटों का जाम
02-Jul-2026
Total Views |
रजाउल अंसारी
महराजगंज। शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 के दौरान बुधवार को महराजगंज–फरेंदा रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-730) पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। परीक्षा केंद्रों की ओर जा रहे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के साथ-साथ आम नागरिकों, बच्चों और व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक लगे जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। सड़क पर वाहनों की लम्बी कतारें लग गयीं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
इस संबंध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, प्रभारी महराजगंज, अजय राज कसौधन ने कहा कि "महराजगंज को जिला बने 36 वर्ष 9 माह हो चुके हैं। यदि जिला मुख्यालय पर समय रहते बाईपास या रिंग रोड का निर्माण हो गया होता, तो आज लोगों को इस तरह की गंभीर यातायात समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।"
उन्होंने प्रशासन और शासन से शहर की बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव को देखते हुए बाईपास अथवा रिंग रोड निर्माण की दिशा में शीघ्र कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।