Maharajganj News : एक हफ्ते में घर से उठीं दो अर्थियां, करंट ने छीन ली महिला की जान
02-Jul-2026
Total Views |
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अंध्या गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परतावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मृतका के ससुर की एक सप्ताह पहले ही मौत हुई थी और अभी उसका कर्मकांड भी पूरा नहीं हुआ था। ऐसे में दूसरी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार अंध्या गांव निवासी प्रेमशीला (40) पत्नी प्रेम सुबह घरेलू कार्य के दौरान एक विद्युत उपकरण की चपेट में आ गईं। करंट लगने के बाद परिजन उन्हें सुबह करीब 9:45 बजे सीएचसी परतावल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि प्रेम के पिता हीरा का एक सप्ताह पूर्व निधन हो गया था और परिवार अभी उनके कर्मकांड की प्रक्रिया में ही जुटा था। इसी बीच प्रेम की पत्नी प्रेमशीला की करंट लगने से मौत हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक की लहर व्याप्त है। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।